निर्भया के दोषियों का नया डेथ वारंट जारी

 


निर्भया के दोषियों का नया डेथ वारंट जारी


नई दिल्ली। अदालत ने निर्भया के दोषियों को फांसी देने के लिए चौथा डेथ वारंट बृहस्पतिवार को जारी कर दिया। इसके मुताबिक चारों दोषियों को 20 मार्च की सुबह साढ़े पांच बजे तिहाड़ जेल में फांसी दी जाएगी। दिल्ली सरकार की अर्जी पर सुनवाई के बाद अदालत ने यह डेथ वारंट जारी किया है।


 

पटियाला हाउस अदालत के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धर्मेंद्र राणा ने निर्भया के चारों दोषियों विनय शर्मा, पवन गुप्ता, मुकेश सिंह व अक्षय का डेथ वारंट बृहस्पतिवार को जारी कर दिया। उन्होंने कहा कि सभी दोषियों के सभी कानूनी विकल्प खत्म हो चुके हैं। हालांकि अदालत ने इससे पहले भी तीन बार डेथ वारंट जारी किया था लेकिन कानूनी बाध्यताओं के चलते उन्हें रद्द कर दिया गया था।
कोर्ट के समक्ष दोषी पवन के वकील एपी सिंह ने कहा वह पवन की ओर से दया याचिका खारिज किए जाने के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देना चाहते हैं। लिहाजा पवन से मुलाकात जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि अक्षय की दया याचिका को जेल प्रशासन छिपा रहा है। जो दया याचिका खारिज हुई थी, वह अधूरी थी। इसके बाद दूसरी दया याचिका पूरी जानकारी के साथ दायर की गई। इस तथ्य को छिपाया जा रहा है। दूसरी दया याचिका संवैधानिक राहत का विकल्प है। जेल प्रशासन ने उसकी दया याचिका को स्वीकार किया है। 377 पेज की दूसरी दया याचिका है।
अदालत ने तिहाड़ प्रशासन से पूछा कि अक्षय की दया याचिका का आपने क्या किया? इसकी जानकारी उसके वकील को दें।
सरकारी वकील ने कोर्ट से आग्रह किया कि दोषियों ने सभी कानूनी और संवैधानिक राहत के विकल्पों को आजमा लिया है। लिहाजा डेथ वारंट जारी किया जाना चाहिए। डेथ वारंट पर सुनवाई के दौरान जज धर्मेंद्र राणा ने कहा कि सभी दोषियों के सभी कानूनी विकल्प खत्म हो चुके हैं। बचाव पक्ष ने भी इसे माना।